रायपुर :- पहले एलपीजी फिर बिजली और अब फल सब्जी तेल समेत खाद्य पदार्थ महंगाई के ट्रैक पर दौड़ लगा रहे हैं. पिछले दो हफ्तों से आम जनता महंगाई की मार झेल रही है.खाद्य पदार्थों की यदि बात करें तो रोजमर्रा इस्तेमाल होने वाली चीनी की मिठास अब कड़वी हो चली है. चावल,दाल और दूसरे अनाज के भाव में भी तेजी देखने को मिल रही है.
महंगाई के ट्रैक में तेज गति से दौड़ रही है शक्कर
बात अगर शक्कर की करें तो दो सप्ताह पहले तक शक्कर के दाम 45 रुपए प्रति किलोग्राम थे. जो आज बढ़कर 70 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया है. इसी तरह गुड़ के दाम भी 60 रुपए प्रति किलोग्राम से बढ़कर 80 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया. खाने के तेल में भी प्रति लीटर की 10 से 15 रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. आने वाले दिनों में त्योहार भी शुरू होने वाले हैं.त्यौहारों में शक्कर और गुड़ की डिमांड ज्यादा होती है.इसके साथ ही अनाज के दाम में भी बढ़ोतरी देखी गई है.
उपवास सामग्रियों में आई तेजी
खाने पीने की चीजों के साथ दूसरी चीजों के महंगे होने पर गोल बाजार व्यापारी संघ के पूर्व अध्यक्ष दिनेश साहू ने बताया कि अभी किराना के लगभग सभी सामानों में दाम बढ़े हुए हैं. महंगाई पिछले दो सप्ताह से बढ़ी हैं. शक्कर 70 रुपए तो गुड़ 80 रुपए प्रति किलो पहुंच चुका है. सिंघाड़ा जहां 150 रुपए किलो था वो आज 240 रुपए पर पहुंच गया है. साबुतदाना प्रति किलोग्राम 50 रुपए था जो आज बढ़कर 100 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया है.
कब कम होंगे दाम
गोल बाजार मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश जैन ने बताया कि मौजूदा समय में शक्कर के दाम 30 से 35% तक बढ़े हैं. आने वाले दिनों में लगातार त्यौहार भी पड़ हैं. शक्कर आम आदमी के रोजमर्रा की चीज है. चाय से लेकर मिठाई तक के चीजों में शक्कर का उपयोग हो रहा है. महंगाई बढ़ने की वजह से इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है. शक्कर को लेकर सरकार ने अभी 10 लाख टन आयात शुल्क मुक्त किया है. जिसकी वजह से शक्कर के दाम में थोक में 5 रुपए की कमी आई है. जब तक माल नहीं आएगा तब तक शक्कर के दाम बढ़े रहेंगे. ऐसी स्थिति में आने वाले 15 दिनों तक रोजमर्रा के इन सामानों के दाम गिरने की उम्मीद कम है.
सिर्फ शक्कर के स्टॉक को लेकर आदेश
वहीं थोक अनाज मंडी डूमरतराई एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम पाहुजा ने बताया कि लगभग 20 दिन पहले सरकार का एक आदेश आया था. जिसमें एक थोक व्यापारी 4000 क्विंटल तक शक्कर अपने पास रख सकता है. इसके साथ ही जो डायरेक्ट उपभोक्ता हैं जिसमें होटल वाले, कोल्ड ड्रिंक वाले, स्टोर वाले लोग अपने पास 1000 क्विंटल तक शक्कर रख सकते हैं. इस तरह का मापदंड केवल शक्कर के लिए लागू हुआ है. बाकी दूसरी चीजों पर लागू नहीं है. शक्कर के दाम को लेकर उन्होंने बताया कि लगभग 20 दिन पहले शक्कर थोक में 50 से 52 रुपए प्रति किलोग्राम थे, जो आज की तारीख में 60 रुपए प्रति किलोग्राम है. पिछले दो-तीन दिनों के दौरान शक्कर के साथ ही दूसरी चीजों के दाम में भी थोड़ी कमी आई है.

