धमतरी :- कियोस्क सेंटर संचालक ने ग्राहकों के साथ बड़ी रकम की ठगी की है. मामला भखारा थाना क्षेत्र का है. यहां के ग्राम कोर्रा में एसबीआई के अंतर्गत कियोस्क सेंटर संचालित करने वाले केशव साहू पर ग्राहकों के पैसे में हेराफेरी करने का आरोप है. ठगी का खुलासा ना हो इसके लिए आरोपी ने ग्राहकों के पासबुक में पेन से एंट्री कर दी थी. लेकिन जब ग्राहकों को उनकी जमा की गई रकम खाते में नहीं मिली तो उन्होंने थाने में इसकी शिकायत दी. थाने में शिकायत करने से पहले ही आरोपी फरार है.पुलिस के मुताबिक आरोपी ने करीब 1 करोड़ 75 हजार की ठगी की है.
ग्राहकों का पैसा नहीं किया जमा
भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम कोर्रा में केशव साहू एसबीआई के अंतर्गत कियोस्क सेंटर संचालित करता था. कियोस्क सेंटर के माध्यम से ग्रामीण और आसपास के ग्राहक अपने बैंक खाते में पैसा जमा और निकासी किया करते थे. ग्राहकों ने कियोस्क सेंटर संचालक पर आरोप लगाया है कि जो पैसा उन्होंने खाते में जमा करने के लिए दी वो उसने खाते में जमा न करके अपने पास रख लिया. ग्राहकों को इस बात का पता न चले, इसके लिए उनकी पासबुक में बैंक की मशीन से एंट्री कराने के बजाय पेन से रकम लिख दी जाती थी.
कैसे हुआ ठगी का खुलासा
शुरुआत में ग्राहकों को पासबुक में रकम की एंट्री देखकर किसी तरह का संदेह नहीं हुआ. लेकिन जब उन्होंने बाद में अपने बैंक खातों की जानकारी ली तो उन्हें पता चला कि जिन रकम को कियोस्क सेंटर में जमा कराया गया था, वह उनके खातों में जमा ही नहीं हुई है. इसके बाद एक-एक कर कई ग्राहक सामने आए और पूरे मामले की शिकायत भखारा थाने में की गई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच और शिकायतों के आधार पर आरोपी ने कई ग्राहकों से कुल 1 करोड़ 75 हजार रुपये की ठगी की है.
मामला सामने आने के बाद से कियोस्क सेंटर संचालक केशव साहू फरार बताया जा रहा है. पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले में कितने ग्राहक पीड़ित हैं और कुल कितनी रकम की ठगी की गई है. पुलिस बैंकिंग रिकॉर्ड, ग्राहकों की शिकायत और कियोस्क सेंटर से जुड़े लेन-देन की जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ठगी की वास्तविक रकम और पीड़ितों की संख्या का और स्पष्ट खुलासा हो सकता है.

