बिलासपुर:- तखतपुर के ग्राम समडील में घोंघा नदी में बहे तीनों मासूम बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। स्कूल से घर लौटते समय तीनों बच्चे नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए थे। हादसे के बाद एसडीआरएफ ने लगातार दूसरे दिन सर्च ऑपरेशन चलाया और तीनों बच्चों के शव बरामद किए। घटना को बेहद दुखद बताते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने लोगों से बारिश के दौरान नदी, नालों और डेम के आसपास जाने से बचने और तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
तखतपुर क्षेत्र के ग्राम समडील में शनिवार को उस वक्त दर्दनाक हादसा हो गया, जब स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आ गए। 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल शॉर्टकट रास्ते से नदी पार कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक नदी का बहाव तेज हुआ और तीनों बच्चे पानी की धार में बह गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस ने नदी में तलाश शुरू की। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया।
शनिवार को एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया था, जबकि दो बच्चों की तलाश जारी रही।रविवार सुबह करीब 6 बजे एसडीआरएफ ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया और लगातार खोजबीन के बाद दोनों लापता बच्चों के शव भी बरामद कर लिए गए। तीनों मासूमों के शव मिलने के बाद समडील गांव में शोक का माहौल है।

