रायपुर:- बेखौफ चोरों के हौसले रायपुर में शहर में दिनों दिन बढ़ते जा रहे हैं. शनिवार को चोरों ने कचना बाजार इलाके में शिव ज्वेलर्स दुकान का ताला तोड़ दिया. चोरों ने यहां से 15 किलो चांदी और करीब 2 तोला सोना चुरा लिया. चोरी गई चांदी और सोने की कीमत लाखों में है. बेखौफ चोरों की करतूत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है, कि चोरों ने बड़े आराम से दुकान का शटर काटा फिर दुकान में वो दाखिल हुए. दुकान में रखी हर एक चीज को बड़े आराम से देखा और जेवरात लेकर फरार हो गए.
शटर काट लाखों के जेवरात ले उड़े चोर
पुलिस अब इलाके और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है. पीड़ित सर्राफा व्यापारी ने खमारडीह पुलिस थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है. फिलहाल चोरों का कोई भी सुराग पुलिस को नहीं मिला पाया है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर केस को सुलझा लिया जाएगा.
कचना बाजार में शिव ज्वेलरी शॉप में चोरी
दुकानदार ने बताया कि चोरों ने दुकान में घुसने के लिए ज्वेलरी शॉप के बाहर लगा शटर कटर की मदद से काट दिया. दुकान में लाखों के जेवरात रखे थे जिसे चोरों ने पार कर दिया. दुकानदार को चोरी का पता तब चला जब वो सुबह दुकान खोलने के लिए पहुंचा. शटर कटा देख दुकानदार के होश उड़ गए. उसने आस पास के दुकानदारों को घटना की जानकारी दी. दुकानदार ने तुरंत पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी और थाने जाकर चोरी की वारदात दर्ज कराई.
खमारडीह पुलिस चोरों की तलाश में जुटी
चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें बनाई गई हैं, जो सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है. शहर में कानून व्यवस्था और आपराधिक वारदातों को लेकर कांग्रेस लगातार पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े करती रही है. रायपुर शहर में पुलिस की नाक के नीचे इतनी बड़ी वारदात होने से पुलिस भी सकते में है. पुलिस दावा जरूर कर रही है कि वो जल्द चोरों तक पहुंच जाएगी. लेकिन सवाल ये उठता है कि आखिर जब पुलिस शहर में रात के वक्त गश्ती करती रहती है, तब चोर इतनी आसानी से कैसे दुकान का शटर बड़े आराम से काटकर चोरी की वारदात कर देते हैं.
जनवरी 2026 से रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली है लागू
खमारडीह थाना इलाका रायपुर पुलिस कमिश्नरी इलाके में आता है. कमिश्नरी सिस्टम इसलिए लागू किया गया है कि कानून व्यवस्था को और चाक-चौबंद किया जाए. लेकिन पुलिस गश्ती के बावजूद चोरों के हौसले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं.
