रायपुर :- रायपुर सहित पूरे देश में 28 अगस्त शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा. इस पर्व को भाई बहन के बीच अटूट प्रेम का प्रतीक माना जाता है.इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई में राखी बांधकर उनके स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करती हैं.वहीं भाई ताउम्र अपनी बहन की सुरक्षा और जिम्मेदारी का संकल्प देते हैं.
रक्षाबंधन के लिए डाक विभाग की विशेष तैयारी
रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए इस बार रायपुर के डाक विभाग में एक खास तरह का गिफ्ट हैंपर लॉन्च किया है. जिसकी कीमत 520 रुपए है. इस गिफ्ट हैंपर के बारे में रायपुर जीपीओ के पोस्टल असिस्टेंट मोहम्मद रफीक ने जानकारी साझा की है.
क्या है गिफ्ट हैंपर की खासियत
पोस्टल विभाग ने राखी गिफ्ट हैंपर की कीमत 520 रुपए रखी है. इस गिफ्ट हैंपर में तीन पिक्चर पोस्टकार्ड समेत राखी, अक्षत और कुमकुम की डिबिया है. भाई के लिए खूबसूरत सा की-रिंग भी इस गिफ्ट हैंपर में मौजूद है. यह गिफ्ट हैंपर रायपुर के मुख्य डाकघर में उपलब्ध है. इसे रायपुर पोस्ट ऑफिस के काउंटर से या फिलैटली ब्यूरो से भी खरीद सकते हैं. इस गिफ्ट हैंपर को अब तक अच्छा रिस्पांस मिला है. पिछले दो दिनों में 40 गिफ्ट हैंपर की बिक्री हो चुकी है. रक्षाबंधन पर्व में पहली बार छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल का ये प्रयोग काफी सराहा जा रहा है.

