विशाखापट्टनम :- एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. पुलिस ने बताया कि यहां एक प्राइवेट स्कूल में टीचर के थप्पड़ मारने के बाद छह साल के लड़के की मौत हो गई. बेटे की मौत से माता-पिता की दुनिया ही उजड़ गई. परिवार वालों ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि बच्चे की मौत कथित हमले के बाद बहुत ज्यादा घबराहट और परेशानी की वजह से हुई. आंध्र प्रदेश के शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि छह साल के बच्चे की मौत बहुत दुखद है. उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोगों और संबंधित स्कूल मैनेजमेंट के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
थप्पड़ मारने पर मौत
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में किंडरगार्टन का स्टूडेंट टीचर की डेस्क के पास स्लेट लेकर लाइन में खड़ा था, जब उसका होमवर्क चेक किया जा रहा था. लड़का परेशान लग रहा था और टीचर के सामने रोता हुआ दिख रहा था. टीचर ने उसकी यूनिफॉर्म पकड़ी और पास खींचा. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि होमवर्क न करने पर टीचर ने उसे थप्पड़ मारा, लड़का कुछ देर के लिए वहीं खड़ा रहा, फिर अचानक बेहोश होकर टीचर की गोद में गिर गया. बाद में टीचर ने स्टूडेंट को होश में लाने की कोशिश की. घटना के बाद, स्कूल स्टाफ और दूसरे लोग क्लास में पहुंचे और बच्चे को हॉस्पिटल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
कमेटी गठित
शिक्षा मंत्री लोकेश ने एक्स पोस्ट में कहा, “हमारी सरकार हर तरह से आपके साथ खड़ी रहेगी.” इस बीच, स्कूल शिक्षा विभाग ने कहा कि यह घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद है और सरकार इसे बहुत गंभीरता से ले रही है. गुरुवार देर रात एक रिलीज में विभाग ने कहा, “घटना के तुरंत बाद, संबंधित स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने जांच की और एक शुरुआती रिपोर्ट सौंपी. शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर, तथ्यों की पूरी तरह से जांच करने के लिए तीन सदस्यों की एक कमेटी बनाई गई है.”
शिक्षकों को निर्देश
कमेटी में विशाखापत्तनम रीजनल जॉइंट डायरेक्टर, डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन ऑफिसर और रेवेन्यू डिविजनल ऑफिसर शामिल हैं. विभाग ने कहा कि शिक्षक छात्रों के साथ संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और इंसानियत के साथ पेश आएं. इसके लिए एक खास प्रोग्राम चलाने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं. BNSS के सेक्शन 194 के तहत केस दर्ज किया गया, जो संदिग्ध मौत से जुड़ा है और पुलिस जांच कर रही है.

