भिलाई:- प्रदेश के सभी कालेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश का एक और मौका दिया गया है। उच्च शिक्षा विभाग ने कालेजों में दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी है। यह सुविधा उन शासकीय और निजी कालेजों में लागू होगी, जहां अभी भी सीटें रिक्त हैं।प्रवेश की तारीख बढ़ने से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश निर्धारित समय-सीमा में कालेज में दाखिला नहीं ले पाए। खासकर दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सकेगा।
पहले 14 अगस्त थी अंतिम तारीख
इससे पहले विश्वविद्यालयों के कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त तक की समय-सीमा तय की गई थी। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी प्रदेश कई कालेजों में सीटें खाली रह गई थीं। वहीं, कई विद्यार्थी भी समय पर प्रवेश नहीं ले सके थे। इसी को ध्यान में रखते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने प्रवेश की तारीख बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब विद्यार्थी 31 अगस्त तक रिक्त सीटों पर प्रवेश ले सकेंगे। इधर, उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने इस फैसले को छात्रहित में बड़ा फैसला बताया।

