रायपुर:- छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है और यहां सबसे ज्यादा लोगों का लगाव मिट्टी से ही होता है. चाहे वह किसी पद पर हो उसके लिए अपना खेत और खेत की माटी महत्वपूर्ण होती है. इसका एक उदाहरण सोमवार को देखने को मिला जब छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने गांव में हल चलाते दिखे. बैल और हल लेकर अपने खेत में जुताई करने की तस्वीर मुख्यमंत्री की आई है.
पैतृक गांव बगिया पहुंचे सीएम
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णु देव 15 अगस्त के राजकीय ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद एक दिवसीय प्रवास पर अपने पैतृक गांव पहुंचे. जयपुर जिले का बगिया मुख्यमंत्री का पैतृक निवास है. ऐसे में वहां की खेती बाड़ी भी मुख्यमंत्री देखते हैं. जिसकी एक बड़ी तस्वीर मुख्यमंत्री के हल चलाने के रूप में आई है.
जड़ों से जुड़े रहने की सीख
मुख्यमंत्री साय ने X अकाउंट पर तस्वीर साझा कर लिखा कि अपने खेत में बैलों के साथ उतरकर हल चलाया और बियासी की. हल थामते ही खेती-किसानी से जुड़ी पुरानी स्मृतियां एक बार फिर जीवंत हो उठीं. मिट्टी की सौंधी सुगंध और खेतों की हरियाली के बीच बिताया यह समय मन को असीम सुकून और नई ऊर्जा से भर देता है.
