भिलाई:- नेशनल हाईवे-53 पर स्थित डी-मार्ट के सामने रात लगभग 9 बजे उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई। जब सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में लोड सीएनजी टैंकर से अचानक गैस का भीषण रिसाव होने लगा। टैंकर से निकल रही गैस का साउंड इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिसे सुनकर आसपास के लोग किसी बड़े धमाके की आशंका से सहम गए और इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रशासन की तत्परता और सुरक्षा इंतजाम
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एनएचएआई (NHAI) की टीम और एसडीआरएफ (SDRF) के जवान तुरंत हरकत में आते हुए मौके पर पहुँच गए। दुर्घटनास्थल के बेहद करीब एक अस्पताल और एक मैरिज पैलेस स्थित होने के कारण स्थिति की गंभीरता और बढ़ गई थी। प्रशासन ने बिना एक पल गँवाए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए. सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया और नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही तुरंत रोक दी गई। हाईवे पर यातायात बंद होने से कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण जाम लग गया।
30 से 40 मिनट तक जारी रहा रिसाव
लगभग 30 से 40 मिनट तक तेज धमाके जैसी आवाज के साथ गैस का रिसाव लगातार होता रहा। सुरक्षा टीमों ने पूरी सावधानी और धैर्य का परिचय देते हुए स्थिति पर नजर रखी। गैस का रिसाव थमने के बाद राहत टीम ने सुरक्षित रूप से पास जाकर टैंकर का वाल्व टाइट किया। अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। स्थिति पूरी तरह नियंत्रित होने के बाद वाहन को सुरक्षित गंतव्य के लिए रवाना किया गया और हाईवे पर यातायात सुचारू रूप से बहाल कराया गया।

