बिलासपुर :- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार की देर रात ग्राम देवरी स्थित मुक्तिधाम (श्मशान घाट) पर चार युवक छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और दो अन्य लोगों की तस्वीरें रखकर कथित काला जादू और तांत्रिक क्रिया कर रहे थे।
ग्रामीणों को देर रात श्मशान में संदिग्ध गतिविधि का शक हुआ। काफी देर तक निगरानी करने के बाद वे समूह में मौके पर पहुंचे। चारों युवक ग्रामीणों को देखकर भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा करके एक युवक को पकड़ लिया। बाकी तीन फरार हो गए।
मौके पर क्या-क्या मिला
ग्रामीणों को श्मशान घाट पर पूजा सामग्री मिली जिसमें शामिल थे:
- मरी हुई मछली
- नींबू
- नारियल
- सिंदूर
- अन्य तांत्रिक सामग्री
- चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा की तस्वीर
- दो अन्य युवकों की तस्वीरें
पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में पुलिस युवक से पूछती दिख रही है – “जज को ही मारना चाहते हो क्या?” युवक जवाब देता है – “मैं पढ़ा-लिखा हूं, ये सब काम नहीं करता।”

