विदिशा:- मध्यप्रदेश के विदिशा शहर में प्रेमिका को गोद में बैठाकर बाइक चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संबंधित युवक के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान भी किया और भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में एक युवक अपनी प्रेमिका को बाइक की टंकी पर गोद में बैठाकर विवेकानंद चौराहा से गांधी चौक के बीच सरेराह वाहन चलाता दिखाई दिया। इस दौरान दोनों सार्वजनिक स्थान पर यातायात सुरक्षा की अनदेखी करते हुए नजर आए। राहगीरों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच कर आरोपी की पहचान करैयाखेड़ा निवासी 25 वर्षीय निखिल अहिरवार के रूप में की। उसे हिरासत में लेकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना हेलमेट वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में चालान भी किया गया।
पुलिस ने आरोपी से सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार कर माफी मंगवाई और स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की हरकत दोहराने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर ऐसे जोखिमपूर्ण एवं अनुचित व्यवहार से बचने की अपील की है।

