बिलासपुर:- सीपत थाना क्षेत्र में मिले एक युवक के शव की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक शादीशुदा युवक था और पिछले दो वर्षों से एक महिला के साथ उसके प्रेम संबंध थे। घटना वाले दिन दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि युवक की गला घोंटकर हत्या हो गई। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, घटनास्थल की जांच और पूछताछ के आधार पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है
सीपत थाना पुलिस के मुताबिक 29 जुलाई को ग्राम कौड़िया निवासी दुर्गा प्रसाद पटेल ने सूचना दी कि चंद्रप्रकाश पटेल अपने घर की बाड़ी में मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जिला मुख्यालय की सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने मृतक के पारिवारिक और सामाजिक संबंधों की पड़ताल शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि मृतक चंद्रप्रकाश पटेल का ग्राम दर्राभाठा निवासी उर्वसी दास महंत उर्फ चुलबुल दास के साथ पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। घटना वाले दिन महिला अपनी स्कूटी से मृतक के घर पहुंची थी। इसी अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि घटना के समय चंद्रप्रकाश शराब के नशे में था। उसने महिला पर अन्य लोगों से मिलने-जुलने का शक जताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर कथित रूप से मृतक ने महिला का गला दबाने की कोशिश की। महिला का कहना है कि उसने बचाव में चंद्रप्रकाश का गला दबाया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी महिला शव को घर की बाड़ी में छोड़कर वहां से फरार हो गई। पुलिस ने पूछताछ, वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर उर्वसी दास महंत उर्फ चुलबुल दास (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर हत्या के आरोप में न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

