बिलासपुर:- कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खुरदुर में मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया, जहां दो युवकों ने एक किसान पर डंडों से बेरहमी से हमला कर उसकी जान ले ली। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम खुरदुर निवासी 42 वर्षीय किसान सिदेशी बघेल बुधवार शाम गांव में टहल रहे थे, तभी गांव के अंकुश रजक और कलार तराई निवासी निखिल यादव से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने डंडों से सिदेशी बघेल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से किसान मौके पर ही गिर पड़े और परिजन व ग्रामीण जब तक उन्हें बचाने पहुंचे, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों से मिली जानकारी और शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी अंकुश रजक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी निखिल यादव वारदात के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
घटनास्थल से पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। फिलहाल पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।

