सूरजपुर:- शहर के बीचों-बीच, कोतवाली थाने से महज 500 मीटर दूर नेहरू पार्क में रविवार देर शाम लड़की पर चाकू से हमले की वारदात ने झकझोर दिया. इस में हमले में युवती की मौत हो गई. घटना पूरे शहर में आग की तरह फैल गई.
शक में प्रेमी ने प्रेमिका को मारा चाकू
सूरजपुर एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने घटना के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया घटना सूरजपुर थानाक्षेत्र की है. यहां स्थित नेहरू पार्क में राधिका राजवाड़े नाम की युवती एक युवक रितेश राजवाड़े के साथ घूमने आई थी. दोनों के बीच कथित रूप से प्रेम संबंध था. पार्क की एक बेंच में दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो रही थी.बातों ही बातों में रितेश राजवाड़े ने अपनी जेब से चाकू निकाला और युवती के गले में चाकू से वार कर दिया.
जिसके बाद पार्क में अफरा तफरी मच गई. युवती के घायल होने के बाद आरोपी उसे सूरजपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां से डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया.प्रेमिका की मौत के बाद आरोपी प्रेमी फरार पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि अंबिकापुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही राधिका की मौत हो गई, जिसके बाद घबराया प्रेमी मौके से फरार हो गया.
सूरजपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा फरार प्रेमी
सूरजपुर पुलिस ने पार्क और अस्पताल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी का पीछा किया. पीढ़ा क्षेत्र के यूकेलिप्टस के जंगल से आरोपी को गिरफ्तार किया गया.

