कोरबा:- जिला मेडिकल कालेज अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डाक्टर के कंप्यूटर टेबल के नीचे फन फैलाकर बैठा एक विषैला कोबरा दिखाई दिया। जिस कमरे में मरीजों की आवाजाही बनी रहती है, वहां अचानक सांप मिलने से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए कमरे को खाली कराया और तुरंत रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी (आरसीआरएस) को सूचना दी।
ओपीडी कक्ष की सफाई के दौरान एक कर्मचारी की नजर टेबल के नीचे बैठे कोबरा पर पड़ी। सांप फन फैलाकर फुंकार मार रहा था। सूचना मिलते ही आरसीआरएस के अध्यक्ष अविनाश यादव रेस्क्यू किट के साथ अस्पताल पहुंचे। उस समय ओपीडी में डाक्टर, नर्स, मरीज और उनके स्वजन मौजूद थे। भीड़ वाले स्थान पर किसी भी तरह की घबराहट या जल्दबाजी बड़ा हादसा बन सकती थी। रेस्क्यू के दौरान सबसे पहले लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया गया। इसके बाद करीब 15 मिनट की सावधानीपूर्वक कार्रवाई के बाद कोबरा को सुरक्षित पकड़कर विशेष रेस्क्यू बाक्स में रखा गया।

