छत्तीसगढ़:- मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चेतावनी भी जारी की गई है। राजधानी रायपुर समेत कई शहरों में दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने के आसार हैं।मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कई जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस वजह से सक्रिय है मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे क्षेत्रों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी सक्रिय है। इसके साथ जुड़े चक्रवाती परिसंचरण और मौसमी द्रोणिका (मानसून ट्रफ) के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में लगातार नमी बनी हुई है। इसी वजह से अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
बीते 24 घंटे में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे, जबकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हुई।
5 दिन बाद बदल सकता है मौसम
मौसम वैज्ञानिक गायत्री वाणी कंचिभोटला ने बताया कि उत्तर संभाग और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगले चार से पांच दिनों तक बारिश की स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है।मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और विशेष रूप से गरज-चमक के समय खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी है।

