रायपुर :- राजधानी रायपुर के व्यस्त मरीन ड्राइव इलाके में स्थित जय जवान पेट्रोल पंप पर सोमवार जमकर हंगामा हुआ। बीते दिन सुबह से ही ग्राहकों की शिकायतें आने लगीं, पेट्रोल भरवाने के कुछ सौ मीटर बाद गाड़ियां रुकने लगीं, इंजन में अजीब सी आवाजें आने लगीं और कुछ वाहनों में तो इंजन पूरी तरह सीज होने की नौबत आ गई। शहरऔर स्थानीय मार्गदर्शिका
जब गुस्साए वाहन मालिकों ने पेट्रोल की बोतलें और बाल्टियां लेकर पंप पर पहुंचे, तो नजारा देखकर सब हैरान रह गए। नोजल से निकल रहे ईंधन में साफ-साफ पानी की परत तैर रही थी! पेट्रोल और पानी अलग-अलग दिख रहे थे। एक प्रभावित युवक ने बताया, “सुबह 6 लीटर पेट्रोल डलवाया। 100 मीटर आगे गए कि गाड़ी बंद! सर्विस सेंटर ले गए तो पता चला टैंक में पानी भरा हुआ है। हजारों रुपये का नुकसान हो गया।
खबर फैलते ही सैकड़ों गाड़ी मालिक पेट्रोल पंप पर जमा हो गए। लोग नारेबाजी करने लगे, “ठगों का अड्डा है ये!”, “इंजन का खर्चा कौन भरेगा?” का शोर पूरे इलाके में गूंजने लगा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति इतनी बिगड़ी कि सिविल लाइन पुलिस को बुलाना पड़ा। ग्राहक पंप संचालक से मुआवजे की मांग कर रहे हैं और कह रहे हैं कि लापरवाही या मिलावट के कारण उन्हें भारी आर्थिक चोट पहुंची है।
पंप संचालक ने दावा किया कि ये जानबूझकर मिलावट नहीं है। हाल ही में हुई बारिश के कारण अंडरग्राउंड टैंक में पानी रिस गया और पेट्रोल में मिल गया। उन्होंने कहा कि वे नियमित रूप से चेक करते रहते हैं, लेकिन इस बार चूक हो गई। संचालक ने प्रभावित ग्राहकों को मरम्मत का खर्च देने का भरोसा भी दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। पेट्रोल के सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें लैब में जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि ये बारिश की वजह से हुआ या कोई बड़ी अनियमितता है। फिलहाल पंप पर ग्राहकों का आक्रोश जारी है और मामले की पूरी जांच की मांग तेज हो गई है।

