रायपुर :- छत्तीसगढ़ में मौसम सुहाना बना हुआ है। प्रदेशभर में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। जिससे प्रदेश के कई सड़कों पर जल जमाव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
8 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की भारी सक्रियता के कारण प्रदेश के मध्य और मैदानी इलाकों में सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। जिन 8 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, उनमें राजधानी रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर, बलौदा बाजार, बेमेतरा और बालोद शामिल हैं। इन जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश होने और आकाशीय बिजली गिरने की तीव्र संभावना है।
तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश
आपको बता दें कि प्रदेश में शनिवार से लगातार बारिश का दौर जारी है। जिससे रायपुर, दुर्ग, भिलाई, धमतरी, गरियाबंद और कई शहरों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। जिससे यातायात पूरी तरह से प्रभावित हो चुकी है। रायपुर में टाटीबंध, प्रोफेसर कॉलोन, परशुराम नगर और फाफाडीह जैसे निचले इलाकों में तो हालात ये हैं कि सड़के तालाब में तब्दील हो गईं और गाड़ियां पानी में डूब गईं।
मुंगेली जिले में 531.1 मिली मीटर औसत वर्षा दर्ज
जिले में आज 531.1 मिली मीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंगेली तहसील में 01 जून से अब तक 76.5 मिली मीटर, पथरिया तहसील में 118.4 मिली मीटर, लोरमी तहसील में 95.6 मिली मीटर, लालपुर थाना तहसील में 70.3 मिली मीटर, जरहागांव में 50.3 मिली मीटर और सरगांव में 120 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। जिले में 01 जून से अब तक 1463.4 मिलीमीटर बरसात हो चुकी है।
बलौदाबाजार में अब तक 245.6 मिलीमीटर औसत वर्षा
जिले में चालू मानसून के दौरान 1 जून से 6 जुलाई 2026 तक 245.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। भू-अभिलेख कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अब तक तहसील टुण्डरा में 386 मिमी, बलौदाबाजार में 277 मिमी, भाटापारा में 241.1 मिमी, कसडोल 235.4 मिमी,लवन 232.4 मिमी, पलारी में 229.7 मिमी, सिमगा में 216.5 मिमी, सोनाखान 197.9 मिमी एवं सुहेला 194 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इस तरह कुल 2210 मिमी वर्षा अभी तक दर्ज की गई है जिसकी औसत वर्षा 245.6 मिमी है।

