गरियाबंद :- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। नगर पंचायत कोपरा में पानी से भरे घुरवा (गड्ढे) में डूबने से दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
5 से 6 साल के थे दोनों मासूम
जानकारी के अनुसार, कोपरा निवासी बिसेलाल साहू के 5-6 वर्षीय पुत्र योगेश साहू और पुत्री खुशबू साहू खेलते-खेलते घुरवा के पास पहुंच गए। इसी दौरान दोनों पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घुरवा के गड्ढे में करीब 10 से 12 फीट तक पानी भरा हुआ था, जिससे दोनों बच्चे बाहर नहीं निकल सके।
घटना से गांव में मातम
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बच्चों के शव मिलने के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पांडुका थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए राजिम भेज दिया। पुलिस फिलहाल प्रारंभिक तौर पर इसे डूबने से हुई मौत मानकर जांच कर रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

