कोरबा :- ऊर्जाधानी को में जघन्य हत्याओं का दौर थम नहीं रहा है. ताजा मामला उरगा थाना क्षेत्र के मीरा रिजॉर्ट का है. जहां आधी रात बर्थडे पार्टी के बाद युवाओं के बीच आपस में ही विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि रिजॉर्ट से निकलते समय एक युवक ने बर्थडे पार्टी में शामिल होने आए दूसरे युवक पर गाड़ी चढ़ा दी. तेज रफ्तार कैंपर से युवक को कुचलने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
पार्टी में शामिल होने आए अन्य लोगों ने घायल युवक को एक निजी अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने बुरी तरह से घायल युवक को मृत घोषित कर दिया. युवक का शव मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया. जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी की जा रही है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए, मुख्य आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. इस जघन्य हत्याकांड से पूरा जिला एक बार फिर दहन उठा है.
15 की संख्या में पार्टी मनाने आए थे युवा
कोयलांचल क्षेत्र दीपका से लगभग 10 से 15 की संख्या में युवक अपने साथी विकास सिंह हुड्डा का जन्मदिन मनाने थाना उरगा क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट गए थे. रिसोर्ट विकास सिंह ने बुक करवाया था. रिजॉर्ट के भीतर पार्टी चल रही थी. स्विमिंग पूल में पूल पार्टी का भी इंतजाम था. शराब परोसे जाने की बात भी सामने आ रही है. इसी बीच तुषार ढांडा और उज्जवल दीवान के बीच किसी बात को विवाद हो गया. बर्थडे पार्टी का माहौल अचानक गहमा गहमी भरा हो गया.इसके थोड़ी देर बाद सभी लोग रिजॉर्ट से निकल गए.
सड़क पर खेला खूनी खेल
लेकिन सड़क पर पहुंचने के बाद फिर से तुषार और उज्जवल के बीच विवाद हुआ.इसी दौरान तुषार ने अपनी गाड़ी निकाली और उज्जवल को कुचल दिया. जानकारी के अनुसार वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी की मौके पर मौजूद अन्य युवकों ने अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष किया.लेकिन तुषार सिर्फ उज्जवल को ही कुचलना चाहता था. उज्जवल को ठोकर मारने के बाद तुषार मौके से फरार हो गया.
दोस्तों ने पहुंचाया अस्पताल लेकिन नहीं बची जान
इस वारदात के बाद बर्थडे पार्टी में शामिल होने पहुंचे अन्य साथियों ने घायल उज्जवल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उज्जवल को मृत घोषित कर दिया. उज्जवल के शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रखा गया है जहां पोस्टमार्टम सहित अन्य वैधानिक प्रक्रिया है पूरी की जा रही हैं.
रसूखदार परिवार के युवा हुए थे इकट्ठा
अब तक की जानकारी के अनुसार बर्थडे पार्टी में बुकिंग विकास ने करवाई थी. जो कोयला ट्रांसपोर्ट के व्यवसाय से जुड़ा हुआ है. बर्थडे पार्टी में शामिल होने पहुंचे अन्य युवक भी रसूखदार परिवार से ताल्लुक रखते हैं. इनमें से अधिकतर ट्रांसपोर्ट के व्यवसाय से जुड़े हुए हैं. मामला हाई प्रोफाइल परिवार से जुड़ा हुआ है. इसलिए पुलिस भी जांच में फूंक-फूंक कर कदम रख रही है.

