कोरबा :- कोरबा में दिनदहाड़े एक हमाल की हत्या से सनसनी फैल गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे हुई, जहां चबूतरे पर सो रहे एक व्यक्ति के सिर पर डंडे से कई वार कर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या की ये वारदात कोतवाली थान से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने हत्या के इस मामले में अपराध दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
हत्या की ये वारदात कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजेश महाराज के रूप में हुई है, जो हमाली का काम करता था। वह अन्य साथियों के साथ रेलवे ओवरब्रिज के नीचे रहकर गुजर-बसर करता था। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार सुबह मृतक और उसके साथ रहने वाले एक अन्य हमाल के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। दोनों नशे के आदी बताए जा रहे हैं और खानाबदोश जीवन व्यतीत करते थे। उस समय आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। पुलिस के मुताबिक दोपहर में राजेश महाराज चबूतरे पर सो रहा था।
इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और किसी डंडे से उसके सिर पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संभावित आरोपित की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सुबह हुए विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

