रायपुर :- राजधानी रायपुर से लगे आरंग थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती के कथित अपहरण और बंधक बनाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि मंदिर हसौद थाना क्षेत्र निवासी हनी उर्फ दीपक ने चाकू की नोक पर युवती का अपहरण कर उसे अपने घर में बंधक बनाकर रखा। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक, युवती शनिवार को अपनी नानी के घर से लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपी हनी उर्फ दीपक ने उसे रोक लिया। आरोप है कि उसने युवती का मुंह दबाया, चाकू दिखाकर धमकाया और जबरन अपने साथ ले गया।
मुंह में कपड़ा ठूंसा, हाथ बांधकर खाट के नीचे छिपाया
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि आरोपी उसे अपने घर ले गया, जहां उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया और दोनों हाथ पीछे बांध दिए गए। इसके बाद उसे खाट के नीचे छिपाकर रखा गया ताकि किसी को उसकी मौजूदगी का पता न चल सके।
परिजनों की सूझबूझ से बची युवती
जब काफी देर तक युवती घर नहीं पहुंची तो परिजनों को उसकी चिंता हुई। उन्होंने रिश्तेदारों और ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उनका शक पड़ोस में रहने वाले हनी उर्फ दीपक पर गया।परिजन उसके घर पहुंचे और वहां तलाश की। आरोप है कि घर के अंदर खाट के नीचे युवती मिली, जिसके हाथ बंधे हुए थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। परिजनों ने तत्काल उसे मुक्त कराया और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज
आरंग थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, अवैध रूप से बंधक बनाने, जान से मारने की धमकी और महिला से जुड़े अन्य गंभीर प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

