कोलकाता:- पश्चिम बंगाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में शामिल रही और 10 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली नेता शाकुंतला महतो उर्फ पुष्पा ने बुधवार को कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार में आत्मसमर्पण कर दिया। वह अपने साथ हथियार और 46 जिंदा कारतूस लेकर पहुंची थी। पुलिस के मुताबिक़ शकुंतला कई बड़े नक्सली अभियानों में शामिल रही है और संगठन की प्रमुख नेताओं में गिनी जाती थी।
बचपन में ही नक्सली संगठन से जुड़ गई थी
शकुंतला महतो पश्चिम बंगाल के झारग्राम जिले के बेलपहाड़ी थाना क्षेत्र के मेचुआ गांव की रहने वाली है। बताया जाता है कि वह केवल 10 साल की उम्र में नक्सली संगठन के संपर्क में आ गई थी। उस समय वह पांचवीं कक्षा में पढ़ती थी, लेकिन बाद में पढ़ाई छोड़ दी। धीरे-धीरे वह नक्सली संगठन की गतिविधियों में शामिल होती गई और फिर हथियार उठाकर संगठन के लिए काम करने लगी।
कई नामों से पहचान बनाई
नक्सली संगठन में शाकुंतला कई नामों से जानी जाती थी। उसे परी, वर्षा और पुष्पा जैसे नाम दिए गए थे। हालांकि अपने गांव और आसपास के लोगों के बीच वह “लुटुन” नाम से पहचानी जाती थी

