बलौदा बाजार:- जिले में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया। बाजार में रोजमर्रा की जरूरत का सामान लेने पहुंची एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की उस समय मौत हो गई, जब अचानक एक बिजली का खंभा उसके ऊपर आ गिरा। हादसा इतना भयावह था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मृतिका की पहचान पूर्णिमा वर्मा के रूप में हुई है, जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत थीं। जानकारी के मुताबिक, वह बाजार में सब्जी खरीदने पहुंची थीं। इसी दौरान पास में चल रहे कार्य के बीच अचानक बिजली का खंभा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से उनके सिर में गंभीर चोट आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की कोशिश की, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि महिला की जान नहीं बचाई जा सकी।

