बिलासपुर:- जिले के पुलिस विभाग में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने 4 उप निरीक्षकों (SI) सहित कुल 18 पुलिसकर्मियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। वहीं एक अलग कार्रवाई में सिरगिट्टी थाना के दो आरक्षकों को लाइन अटैच भी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार व्यास नारायण बनाफर को बेलगहना चौकी का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं हेमंत सिंह को बेलगहना से स्थानांतरित कर सिविल लाइन थाना भेजा गया है।
18 पुलिसकर्मियों का तबादला
तबादला सूची में 4 उप निरीक्षक (SI), 2 सहायक उप निरीक्षक (ASI), 2 प्रधान आरक्षक (हेड कांस्टेबल) और 10 आरक्षकों के नाम शामिल हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह फेरबदल विभागीय आवश्यकता और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया गया है।
सिरगिट्टी के दो आरक्षक लाइन अटैच
इसी बीच सिरगिट्टी थाना में पदस्थ दो आरक्षकों के खिलाफ शिकायत मिलने पर विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। आरोप है कि दोनों आरक्षक कबाड़ वाहन रोककर वाहन चालकों से पैसों की मांग कर रहे थे।
मामले की प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद एसएसपी ने दोनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया। विभागीय स्तर पर मामले की विस्तृत जांच भी जारी है।
कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने और अनुशासन बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

