एमसीबी:- जिले के भरतपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम चरखर में मनरेगा कार्यस्थल पर आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। घायलों का इलाज जनकपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है, जहां दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम चरखर में मनरेगा के तहत बोल्डर चेक डैम निर्माण कार्य चल रहा था। कार्यस्थल पर करीब 58 मजदूर मौजूद थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया, तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। मजदूर सुरक्षित स्थान पर जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में छह महिलाएं इसकी चपेट में आ गईं, जिनमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गईं। ग्रामीणों का आरोप है कि मौसम खराब होने के बावजूद मजदूरों को कार्यस्थल से नहीं हटाया गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए जाते तो इस हादसे को टाला जा सकता था। घटना के बाद काफी देर तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
घायल महिलाओं को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर पहुंचाया गया। घायल मजदूरों ने बताया कि हल्की बारिश हो रही थी और सभी मजदूर कार्यस्थल पर ही मौजूद थे। किसी को अंदेशा नहीं था कि अचानक बिजली गिर जाएगी। कार्यस्थल पर मौजूद मेट ने भी बताया कि मौसम खराब था और मजदूर काम के दौरान वहीं रुके हुए थे। इसी बीच बिजली गिरने से हादसा हो गया।

