जबलपुर :- भोपाल की ट्विशा शर्मा की मौत की गुत्थी अभी पूरी तरह सुलझा नहीं पाई कि बिल्कुल इसी तरह का मामला जबलपुर में भी सामने आया है. मृत युवती के पिता ने आरोप लगाया कि उन्होंने दहेज में 1 किलो सोना दिया, 20 लाख रुपए हीरे का हार दिया. एक लग्जरी कार भी दी. इसके बाद भी उनके दामाद जो सेना में डॉक्टर हैं, उनकी ओर से दो करोड़ रुपए की मांग की गई. शादी के मात्र 2 महीने बाद ही मेरी बेटी की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई.
एक साल पहले हुई थी शादी
दक्षिणामूर्ति चेन्नई के फिल्म प्रोड्यूसर हैं. दक्षिणामूर्ति की कविता इकलौती बेटी थी. उसकी 27 साल की बेटी कविता एडवोकेट थी. दक्षिणामूर्ति ने अपनी बेटी कविता की शादी के लिए एक अच्छे वर की तलाश थी. इसलिए उन्होंने अपने रिश्तेदारों के माध्यम से कविता के लिए डॉक्टर वर ढूंढा. पीड़ित दक्षिणामूर्ति ने बताया “कविता का पति मेजर डॉक्टर ओम नागार्जुन रहने वाला तो चेन्नई का ही है लेकिन वह जबलपुर की जैक राइफल्स में पदस्थ है. शादी के वक्त सब कुछ ठीक था. हमने 30 मार्च 2025 को दोनों की शादी करवाई. शादी में ओम नागार्जुन की तरफ से दहेज की मांग की गई.
दहेज में 100 तोला सोना और 20 लाख का हार
दक्षिणामूर्ति ने बताया “उन्होंने शादी में ओम नागार्जुन की मांग के अनुसार 100 तोला जेवर दिए. इसके साथ ही 20 लाख रुपए का हीरे का हार दिया. एसयूवी 700 कार दी. कुल मिलाकर शादी में डेढ़ करोड़ से ज्यादा का दहेज दिया. अचानक 02 जून को मेरे पास मेरे दामाद ओम नागार्जुन के पिता का फोन आया कि आपकी बेटी बहुत गंभीर हालत में जबलपुर में अस्पताल में भर्ती है. मैं तुरंत फ्लाइट पकड़कर जबलपुर पहुंचा. मैंने देखा है कि मेरी बेटी मिलिट्री अस्पताल में वेंटिलेटर पर थी. मात्र आधा घंटे बाद ही मृत घोषित कर दिया गया.
पोस्टमार्टम में कार्डियक अरेस्ट का जिक्र
कविता का पोस्टमार्टम में जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने लिखा “कविता की मृत्यु कार्डियक अरेस्ट से हुई है और उसकी मौत प्राकृतिक मृत्यु है.” लेकिन दक्षिणामूर्ति इससे सहमत नहीं हुए और उन्होंने एडवोकेट मनीष वर्मा के साथ इस मामले की तहकीकात शुरू की. एडवोकेट मनीष वर्मा का कहना है “ओम नागार्जुन ने पुलिस को बताया था कि कविता 8 जून को रात 9:00 बजे ऑफिसर मैच में बाथरूम में गिर गई थी और 10:00 बजे ओम नागार्जुन कविता को अपने एक परिचित की कार में लेकर मिलिट्री अस्पताल के लिए निकले और रात 12:39 पर पहुंचे.

