कानपुर :- उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक लुटेरी दुल्हन ने 62 वर्षीय बुजुर्ग को अपना शिकार बना लिया। चकेरी थाना क्षेत्र के सनिगवां में किराए के मकान में रहने वाले और सीओडी से सेवानिवृत्त हरीश कुमार शुक्ला ने आर्य समाज मंदिर में 45 साल की महिला पूजा जोशी से शादी की थी। लेकिन शादी के महज दो दिन साथ रहने के बाद ही यह लुटेरी दुल्हन घर में रखे लगभग तीन लाख रुपये के कीमती जेवरात और दो लाख रुपये नकद लेकर रातों-रात रफूचक्कर हो गई।
देखभाल करने का दिया झांसा
मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से सीतापुर के अटरिया गांव निवासी हरीश कुमार शुक्ला परिवार में कोई सदस्य न होने के कारण अकेला जीवन जी रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली पूजा जोशी ने उनसे नजदीकियां बढ़ाई और देखभाल व सेवा करने की इच्छा जताते हुए शादी का प्रस्ताव रख दिया। हरीश उसके झांसे में आ गए और दोनों ने आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली।
शादी के बाद इन चीज़ों की डिमांड
शादी के बाद महिला ने जेवरात और नकदी की मांग की, जिस पर हरीश ने अपनी मां के पुराने जेवर उसे दे दिए, जिन्हें बेचकर महिला ने नए जेवर खरीद लिए। यही नहीं, हरीश ने अपने रिटायरमेंट की रकम में से भी दो लाख रुपये नकद उसे दे दिए, जिन्हें लेकर महिला देर रात भाग निकली।

