दतिया:- जिले की पण्डोखर पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले के खुलासा किया है। जहां पंडोखर थाना पुलिस ने पुहज नदी में मिली एक अज्ञात महिला की अंधी कत्ल की गुत्थी को महज 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। अवैध संबंधों और शादी के दबाव के चलते, सूरत से करीब 1000 किलोमीटर दूर दतिया आई एक महिला को मौत के घाट उतार दिया गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए न सिर्फ मृतका की शिनाख्त की, बल्कि हत्या के आरोपी प्रेमी को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
पहले से शादीशुदा थे दोनों
दरअसल, यह पूरा मामला अवैध संबंधों और ब्लैकमेलिंग से जुड़ा हुआ है। आरोपी बंटी दोहरे, जो दतिया के इंदरगढ़ के मैथाना पाली का रहने वाला है, वह गुजरात के सूरत में एक फैक्ट्री में काम करता था। वहीं उसकी मुलाकात उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली अंजली (परिवर्तित नाम) से हुई। दोनों पहले से शादीशुदा थे, लेकिन सूरत में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। वक्त गुजरने के साथ महिला आरोपी पर शादी का दबाव बनाने लगी। जब आरोपी ने उससे दूरी बनानी चाही, तो महिला ने सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर आरोपी की पत्नी को अश्लील मैसेज और धमकियां भेजना शुरू कर दिया। बीती 23 मई को महिला सूरत से सीधे दतिया पहुंच गई।
चुन्नी से गला घोंटकर प्रेमिका की हत्या
आरोपी बंटी उसे बातचीत के बहाने पंडोखर में पुहज नदी के पुराने पुल के पास ले गया। वहां मोबाइल चेक करने पर जब दोनों के बीच विवाद बढ़ा, तो आरोपी ने गुस्से में आकर महिला की ही चुन्नी से उसका गला घोंट दिया और उसे मरणासन्न हालत में पुल से नीचे पहुज नदी में फेंक दिया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। साक्ष्य छुपाने के लिए आरोपी ने महिला के मोबाइल भी तोड़कर नदी में बहा दिए थे। 25 मई को नदी में शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। लेकिन पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन में पंडोखर थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह राजावत, साइबर सेल और एफएसएल (FSL) की टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से महज 48 घंटे में अंधकत्ल का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने आरोपी बंटी दोहरे को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर मृतका का बैग और कपड़े बरामद कर लिए हैं और आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

