धमतरी :-नेशनल हाईवे पर रॉन्ग साइड से आ रही बोलेरो ने बाइक सवार दंपति को टक्कर को मार दी. भीषण सड़क हादसे में से पति की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया.
बाइक से रायपुर जा रहे थे दंपति
मिली जानकारी के अनुसार अछोटा निवासी इंद्रेश निर्मलकर पिता कृष्णा निर्मलकर अपनी पत्नी शशि निर्मलकर के साथ बाइक से रायपुर निकला था. इसी दौरान धमतरी जिले के गागरा पुल के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने रॉन्ग साइड से आकर उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो वाहन काफी तेज गति में था और गलत दिशा से आ रहा था. बाइक चालक कुछ समझ पाता उससे पहले ही बोलेरो ने सीधे बाइक को अपनी चपेट में ले लिया.
बाइक के परखच्चे उड़े
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक चला रहे इंद्रेश निर्मलकर सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. वहीं बाइक में पीछे बैठी उनकी पत्नी शशि निर्मलकर भी गंभीर रूप से घायल हो गईं. सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया.

