गरियाबंद :-जिले में आज सुशासन तिहार के दौैरान एक बड़ा हादसा हो गया। जिला मुख्यालय के नजदीक स्थित खरहरी गांव में आयोजित कार्यक्रम स्थल के पास अचानक एक विशालकाय पीपल का पेड़ गिर गया। हादसे के वक्त कई लोग कार्यक्रम देखने के लिए पेड़ पर चढ़े हुए थे। पेड़ गिरने से वहां अफरा-तफरी मच गई और 7 लोग घायल हो गए। घायल लोगों में जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। इस हादसे के बाद कलेक्टर ने शिविर को स्थगित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक गरियाबंद जिला के खरहरी गांव में आज सुशासन शिविर का आयोजन किया गया था। इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे हुए थे। कार्यक्रम को देखने के लिए कुछ लोग पास स्थित पीपल के पेड़ पर चढ़ गए थे। इसी दौरान अचानक पेड़ भरभराकर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई, और लोग इधर-उधर भागने लगे। हादसे में घायल सभी लोगों को तत्काल इलाज के लिए गरियाबंद जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के दौरान पेड़ के नीचे खड़ा एक छोटा हाथी वाहन भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पेड़ सीधे वाहन पर गिरने से वाहन चकनाचूर हो गया। हादसे के समय शिविर में गरियाबंद जिले के सभी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। वहीं स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने सुशासन तिहार शिविर कार्यक्रम को स्थगित कर दिया। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

