कवर्धा:- शहर के लोहारा नाका स्थित झंडा चौक इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कच्चे मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा घर जलकर खाक हो गया। घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई
पिता-पुत्र के बीच विवाद के बाद भड़की आग
जानकारी के अनुसार यह मकान हेमंत मसीह का बताया जा रहा है, स्थानीय लोगों के मुताबिक दोपहर के समय हेमंत मसीह और उनके बेटे साजन मसीह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, विवाद के कुछ देर बाद घर में आग लग गई। आसपास के लोगों का कहना है कि गुस्से में आकर बेटे द्वारा आग लगाने की आशंका जताई जा रही है।
घर का एक भी सामान नहीं बचा
आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि घर में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय घर के अन्य सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। आग लगने के बाद इलाके में कुछ देर तक दहशत का माहौल था।
जांच में सामने आएंगे असली कारण
कोतवाली थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने बताया कि झंडा चौक के पास एक कच्चे मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआती जानकारी में पिता-पुत्र के बीच विवाद की बात सामने आई है, लेकिन आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

