कवर्धा :- छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक व्यक्ति की जान चली गई। घटना कुकदूर थाना क्षेत्र के दैहानटोला गांव की है, जहां दो समधियों के बीच हुई कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई। इस घटना में टहलू राम गोंड़ की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतक टहलू राम गोंड़ और आरोपी दुखीराम श्याम आपस में समधी थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि आरोपी दुखीराम श्याम शराब के नशे में था और उसी दौरान उसने हिंसक रूप से हमला कर दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच जमकर हाथापाई हुई। इस दौरान टहलू राम गोंड़ गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कुकदूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुखीराम श्याम को गिरफ्तार कर लिया गया है।

