रायपुर :- राजधानी रायपुर में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभाठा इलाके से जुड़े इस मामले में फरार चल रहे आरोपी विनय देवांगन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से पहले पिस्टल और बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई थी। मामले में अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी की मंशा क्या थी और उसके साथ इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
राजधानी रायपुर में बम बनाने की तैयारी से जुड़े मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी विनय देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभाठा इलाके से पकड़ा गया। इस मामले के सामने आने के बाद से ही वह फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, 7 मई को पुलिस को रावाभाठा इलाके में एक संदिग्ध युवक की सूचना मिली थी। बताया गया था कि उसके पास पिस्टल और कुछ संदिग्ध सामान मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता यानी बीडीडीएस (BDDS) को भी बुलाया गया।
जांच के दौरान टीम को मौके से विस्फोटक सामग्री से जुड़े कई सामान मिले। शुरुआती जांच में यह पुष्टि हुई कि बरामद सामग्री लो एक्सप्लोसिव इंटेंसिटी की थी। पुलिस ने मौके से बैटरी, दो बोतल केमिकल, वायर और डेटोनेटर जब्त किए थे। इसके अलावा संदिग्ध हथियार भी बरामद किए गए थे। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी थी।
मामले का खुलासा होने के बाद आरोपी विनय देवांगन फरार हो गया था। पुलिस की अलग-अलग टीमों को उसकी तलाश में लगाया गया था। लगातार दबिश और तकनीकी जांच के बाद आखिरकार रायपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आरोपी बम बनाने की तैयारी क्यों कर रहा था, उसका उद्देश्य क्या था और कहीं इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने विस्फोटक सामग्री कहां से जुटाई और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं। जांच एजेंसियां आरोपी के मोबाइल, संपर्कों और गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को लेकर सतर्क नजर आ रही हैं।

