दुर्ग:- जिले के राजीव नगर में बीती रात खूनी संघर्ष ने पूरे इलाके को दहला दिया। घर के बाहर टहल रहे एक युवक पर 20 से 25 हमलावरों ने अचानक धावा बोल दिया और धारदार हथियारों से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय जितेश ठाकुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रात करीब 1 बजे वह खाना खाने के बाद केजू राइस मिल के पास अपने घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और लाठी, सब्बल व धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया।
जितेश की चीख-पुकार सुनकर उसका बड़ा भाई राहुल ठाकुर और चचेरा भाई नेहरू ठाकुर मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें हालत बिगड़ने पर रायपुर और दुर्ग के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। वारदात के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर कई संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है। अब तक 8 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इस सनसनीखेज हत्या के बाद राजीव नगर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

