कोरबा:- एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी आर के त्यागी की सड़क हादसे में मौत हो गई। वे हाल ही में पदोन्नति के बाद नई जिम्मेदारी संभालने के लिए सिंगरौली जा रहे थे। नेशनल हाईवे 130 पर बांगो थाना क्षेत्र के चोटिया के पास हुए इस हादसे के बाद एसईसीएल अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, आरके त्यागी को हाल ही में डायरेक्टर टेक्निकल पद पर प्रमोट किया गया था। वे गुरुवार रात करीब 12 बजे गेवरा से इनोवा कार में सवार होकर सिंगरौली के लिए रवाना हुए थे।
पार्सल वाहन से टकराई कार
रास्ते में चोटिया के पास उनकी कार आगे चल रहे एक पार्सल वाहन से टकरा गई। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी तेज थी कि इनोवा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में आरके त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए अपोलो हॉस्पिटल भेजा गया। शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

