उत्तरप्रदेश :- मेरठ से एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंधों और ब्लैकमेलिंग के चलते एक महिला की बेहद बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान गुलफ़्शां (35) के रूप में हुई है, जिसका शव शनिवार सुबह एक खेत में पड़ा मिला था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी सोनू (36) को गिरफ्तार कर लिया है, जो मृतका का पड़ोसी और प्रेमी बताया जा रहा है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि गुलफ़्शां आरोपी को उसकी पत्नी का अश्लील वीडियो दिखाकर लंबे समय से ब्लैकमेल कर रही थी और लगातार पैसे की मांग कर रही थी। इतना ही नहीं, पैसे न देने पर वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी जा रही थी, जिससे आरोपी मानसिक दबाव में आ गया था।
पुलिस के अनुसार, इसी तनाव से छुटकारा पाने के लिए सोनू ने हत्या की साजिश रची। उसने प्रेम का बहाना बनाकर गुलफ़्शां को गांव के पास स्थित एक सुनसान खेत में बुलाया और वहां पहले से तैयार होकर पहुंचे आरोपी ने धारदार हथियार ‘बलकटी’ से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने उसके सिर, चेहरे, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर करीब 10 वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात की क्रूरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बचने की कोशिश में गुलफ़्शां ने हाथ आगे किया तो उसकी एक उंगली कटकर अलग हो गई और घटनास्थल के करीब 100 मीटर इलाके में खून के निशान फैले मिले।
घटना का खुलासा तब हुआ जब शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के रमेश के गेहूं के खाली खेत में महिला का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और करीब 200 मीटर दूर से हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया। शव की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पिता शाहिद की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तेजी से जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंच गई।
जांच में रिश्तों का एक जटिल और चौंकाने वाला जाल भी सामने आया है। बताया गया कि गुलफ़्शां ने दो साल पहले मोनू नाम के व्यक्ति से प्रेम विवाह किया था, जो उसकी दूसरी शादी थी, जबकि मोनू की यह चौथी शादी थी। मोनू की मौत के बाद गुलफ़्शां अपने दो बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। इसी दौरान उसका पड़ोसी सोनू से संबंध बन गया। वहीं, यह भी सामने आया कि गुलफ़्शां के पति मोनू और सोनू की पत्नी के बीच भी नजदीकियां थीं और इसी दौरान नहाते समय बनाया गया एक अश्लील वीडियो पूरे विवाद की जड़ बना, जिसे बाद में गुलफ़्शां ने ब्लैकमेलिंग के लिए इस्तेमाल किया।
पुलिस के मुताबिक, लगातार बढ़ती पैसों की मांग और बदनामी के डर से परेशान होकर सोनू ने आखिरकार हत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने घर लौट गया और सामान्य व्यवहार करता रहा, लेकिन पुलिस की जांच से बच नहीं सका और आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ सुधीर सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

