बिलासपुर :- बिलासपुर में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां बदमाशों के चंगुल में फंसे छोटे भाई को बचाने पहुंचे बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि नशे में धुत्त बदमाशों ने कालेज में पढ़ने वाले छात्र पर चापड़ से हमला कर उसका गला रेत दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। और नाराज लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। वारदात के बाद पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात सरकंडा थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय अभिषेक यादव के रूप में हुई है, जो बी.कॉम सेकंड ईयर का छात्र था। शनिवार रात करीब 10ः30 बजे मोपका चौक में उसके चचेरे भाई ओमप्रकाश यादव का कुछ युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और आरोपियोें ने ओमप्रकाश को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान अभिषेक मौके पर पहुंचा और अपने छोटे भाई को बचाने की कोशिश की। लेकिन बदमाशों ने उस पर भी हमला कर दिया।
एक युवक ने चापड़ से अभिषेक के गले पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ओमप्रकाश जान बचाकर भागा और आरोपी उसका पीछा करते हुए नजदीकी पुलिस चौकी तक पहुंच गए। किसी तरह वह चौकी में घुसकर अपनी जान बचा सका। वारदात से नाराज परिजन और स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया।

