कांकेर :- छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र पखांजूर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) ब्लास्ट हो गया। इस धमाके में जिला रिजर्व गार्ड के तीन जवान घायल हो गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और सुरक्षा बलों ने सर्चिंग ऑपरेशन और तेज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना नारायणपुर और कांकेर जिले की सीमा से लगे क्षेत्र में हुई, जो नक्सल गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा बलों की टीम नियमित सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से प्लांट किया गया आईईडी अचानक ब्लास्ट हो गया, जिसकी चपेट में तीन जवान आ गए।
घायल जवानों को तत्काल मौके से निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल तीनों जवानों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
यह पूरी घटना छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है। घटना की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) राकेश कुर्रे ने बताया कि एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान सर्चिंग के समय आईईडी ब्लास्ट हुआ है, जिसमें तीन DRG जवान घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए तुरंत उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है।

