सागर :- मध्य प्रदेश के सागर जिले के बांदरी थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ौला गोसाई से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मायके में रह रही 26 वर्षीय नवविवाहिता रचना आदिवासी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले महिला ने अपना एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने गांव में रहने वाले एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए। घटना के बाद परिजन और समाज के लोग थाने पहुंचे और निष्पक्ष जांच सहित आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
आपत्तिजनक वीडियो से ब्लैकमेल
दरअसल, मृतका के पिता बृजलाल आदिवासी का आरोप है कि गांव के ही गब्बर आदिवासी नामक युवक ने रचना के शादी से पहले कुछ आपत्तिजनक वीडियो बना लिए थे। इन्हीं वीडियो के आधार पर वह लंबे समय से उसे ब्लैकमेल कर रहा था और शारीरिक शोषण करता रहा। परिजनों का कहना है कि रचना की पिछले साल जुलाई 2025 में शादी हुई थी, लेकिन शादी के बाद भी आरोपी ने उसे परेशान करना बंद नहीं किया, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद तनाव में रहने लगी थी। 30 अप्रैल की देर रात महिला ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
सुसाइड से पहले बनाया वीडियो
इससे पहले महिला ने खुद का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसमें वह रोते हुए गब्बर पर गंभीर आरोप लगाती दिखाई दे रही है। वीडियो में वह कहती नजर आ रही है कि उसकी शादीशुदा जिंदगी पहले ठीक चल रही थी, लेकिन उसके कारण सब कुछ बर्बाद हो गया। साथ ही वह यह भी कहती है कि किसी की जिंदगी के साथ इस तरह खिलवाड़ नहीं करना चाहिए।
मायके में छोड़कर चला गया पति
परिजनों के मुताबिक, आरोपी ने रचना के पति राजकुमार को भी दोनों के बीच पुराने संबंधों की जानकारी दे दी थी, जिसके बाद दांपत्य जीवन में विवाद बढ़ गया। हालात इतने बिगड़ गए कि पति उसे मायके छोड़कर चला गया। Blackmail Case इसके बाद से रचना लगातार मानसिक प्रताड़ना और बदनामी के दबाव में थी। इसी बीच उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।

