कोंडागांव :- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बड़े राजपुर तहसील के ग्राम पंचायत किबड़ा में दो सगे भाई-बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है, वहीं परिजन भी सदमे में हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कलेश्वरी शोरी (17), चैतन शोरी (14) और उनकी छोटी बहन कुमारी चिंता शोरी (12) की तबीयत अचानक बिगड़ गई। तीनों को एक साथ पेट दर्द और दस्त की शिकायत होने लगी। शुरुआत में परिजनों ने इसे सामान्य बीमारी समझकर गांव में ही स्थानीय स्तर पर इलाज कराया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
हालत बिगड़ने पर परिजन तीनों बच्चों को जिला अस्पताल कोंडागांव ले जाने के लिए निकले। रास्ते में छोटी बहन चिंता की तबीयत में कुछ सुधार होने लगा, जिसके चलते उसे वापस घर पर ही छोड़ दिया गया। वहीं कलेश्वरी और चैतन को इलाज के लिए आगे ले जाया गया।
इस दौरान परिजन उन्हें ग्राम बड़बतर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद कलेश्वरी शोरी को मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद कलेश्वरी का शव वापस घर भेज दिया गया, जबकि चैतन की हालत गंभीर देखते हुए उसे तुरंत जिला अस्पताल कोंडागांव रेफर किया गया।जिला अस्पताल पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद चैतन शोरी की भी मौत हो गई। इस तरह महज चार घंटे के भीतर एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

