सुकमा:- जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में शोक का माहौल पैदा कर दिया है। कोंटा क्षेत्र के ढोंढरा के पास हुई इस दुर्घटना में वन विभाग के एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शिव कुमार बाड़ी के रूप में हुई है, जो वन विभाग में सहायक परिक्षेत्र बंडा सर्किल में पदस्थ थे। वे मूल रूप से बीजापुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना उस समय हुई जब शिव कुमार अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक भारी वाहन (टिपर) से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिव कुमार बाड़ी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कोंटा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुँची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंटा भेज दिया है।

