बिलासपुर:- शहर में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई में बिलासपुर पुलिस ने बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा बेचने के आरोप में दो सगी बहनों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 6 किलो गांजा, 5.98 लाख रुपये नकद, एक कार, दो स्कूटी समेत अन्य सामान जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 15.78 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस की एसीसीयू टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोपका स्थित पाटलीपुत्र नगर और राजकिशोर नगर क्षेत्र में दो महिलाएं गांजा बिक्री का काम कर रही हैं। सूचना के आधार पर एसीसीयू और सरकंडा पुलिस ने संयुक्त रूप से योजना बनाकर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान दोनों महिलाएं कार और स्कूटी में गांजा लेकर सप्लाई करते हुए रंगे हाथ पकड़ी गईं। तलाशी लेने पर उनके पास से 6 किलो गांजा, 5 लाख 98 हजार रुपये नकद, एक कार, दो स्कूटी, दो मोबाइल फोन और दो घड़ियां बरामद की गईं।
नाम बदलकर चला रही थीं अवैध कारोबार
एसीसीयू प्रभारी एवं सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी (30 वर्ष) और सुदामा केंवट उर्फ रानी यादव (40 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मस्तूरी क्षेत्र के जयराम नगर की निवासी हैं और फिलहाल सरकंडा इलाके में रह रही थीं। अपनी पहचान छिपाने के लिए वे अलग-अलग नामों का उपयोग कर रही थीं।

