कांकेर:- जिले के केशकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खालेमुरवेंड के पास नेशनल हाईवे-30 पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक तेज रफ्तार यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गए और एक ही पेड़ से जा टकराए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिंद्रा कंपनी की यात्री बस रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। वहीं, दूसरी ओर से एक ट्रक लोहा और गिट्टी लेकर आ रहा था। खालेमुरवेंड के पास दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद बस चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोग कड़ी मशक्कत कर रहे हैं। चालक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। मौके पर पहुंची केशकाल पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास जारी है।

