मध्य प्रदेश:- भिंड से एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर में एक हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी, जिसके बाद शनिवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी 23 साल की रूबी ने जिले के अटेर थाना क्षेत्र में आठ अप्रैल को हुई इस घटना को लूट का रंग देने की कहानी गढ़ी, लेकिन पुलिस जांच के दौरान उसने सच्चाई बता दी.
पुलिस ने बताया कि रूबी और उसके 21 साल के प्रेमी विशाल विमल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पति नीलेश जाटव की हत्या में साथ देने वाले एक अन्य आरोपी राजेश कुशवाह की तलाश जारी है. इस मामले में मृतक की पत्नी ही हत्या की साजिश की मुख्य आरोपी निकली, जिसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश को अंजाम दिया.
आठ अप्रैल को अटेर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल सवार युवक नीलेश जाटव की उसकी पत्नी व बच्ची के सामने ही अज्ञात लुटेरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया था कि वह अपने पति व बच्ची के साथ मोटरसाइकिल पर जामना गांव से खरिका लौट रही थी, तभी रास्ते में रिदौली-खरिका मार्ग पर उसका बैग गिर गया.
रूबी ने पुलिस को आगे बताया कि जैसे ही पति ने मोटरसाइकिल रोकी और वह बैग उठाने गई, तभी पीछे से आए दो अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर उसके पति की हत्या कर दी और फरार हो गए. पुलिस ने सूचना पर अटेर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था.
पुलिस ने कैसे किया मामले का खुलासा
इसके बाद पुलिस की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, एफएसएल टीम की मदद ली और तकनीकी व भौतिक साक्ष्य जुटाए. जांच के दौरान पत्नी के बयान संदिग्ध पाए गए. इसके बाद पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, जिसमें पूरे मामले का खुलासा हो गया.
पूछताछ में सामने आया कि मृतक की पत्नी रूबी का रिश्ते में देवर विशाल विमल से लगभग सात साल से प्रेम प्रसंग था और दोनों आपस में व्हाट्सएप कॉलिंग और चैटिंग के जरिए लगातार संपर्क में रहते थे. पति उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था, इसलिए दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची.
योजना के मुताबिक पति के साथ मोटरसाइकिल पर जाने के दौरान पत्नी ने निर्धारित स्थान पर अपना बैग गिरा दिया और मोटरसाइकिल रुकवाकर बैग उठाने लगी. पुलिस ने बताया कि इस दौरान घात लगाकर बैठे प्रेमी और उसके साथी राजेश कुशवाह ने नीलेश जाटव की गोली मारकर हत्या कर दी.

