तेलंगाना:- वारंगल जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक शख्स ने बेटे की चाहत में अपनी गर्भवती पत्नी और दो मासूम बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने इस तिहरे हत्याकांड को ‘हादसे’ का रूप देने की साजिश रची थी, लेकिन पुलिस की पैनी जांच ने उसके झूठ का पर्दाफाश कर दिया।
हादसे की रची थी झूठी कहानी
आरोपी अजहरुद्दीन ने शुरू में पुलिस को गुमराह करते हुए बताया कि उसकी पत्नी और बेटियां स्विमिंग पूल के किनारे टहलते समय अचानक फिसल गईं और डूबने से उनकी मौत हो गई। पुलिस शुरुआत में इसे एक दर्दनाक हादसा मानकर जांच कर रही थी, लेकिन आरोपी के बयानों में विरोधाभास और तकनीकी साक्ष्यों ने शक की सुई उसकी ओर घुमा दी।
नफरत की वजह: ‘बेटा’ न होना
पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ वह बेहद चौंकाने वाला है। अजहरुद्दीन और 26 वर्षीय फरहत का प्रेम विवाह हुआ था। उनकी पहले से दो बेटियां (8 साल की उमेरा और 6 साल की आयशा) थीं। फरहत तीसरी बार गर्भवती थी।सूत्रों के अनुसार, अजहरुद्दीन को पता चला था कि इस बार भी बेटी ही होने वाली है। उसने फरहत पर गर्भपात का दबाव बनाया, लेकिन जब उसने मना कर दिया, तो अजहरुद्दीन ने पूरे परिवार को खत्म करने की खौफनाक साजिश रच डाली।
साजिश के तहत बंद किए CCTV कैमरे
पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि घटना से ठीक पहले स्विमिंग पूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए थे। यह पूल वारंगल-खम्मम नेशनल हाईवे के पास स्थित है और परिवार की आय का मुख्य स्रोत था। बुधवार रात जब परिवार पूल के पास था, तभी अजहरुद्दीन ने कथित तौर पर तीनों को पानी में डुबोकर मार डाला। शोर मचने पर जब रिश्तेदार वहां पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए, तब तक तीनों की सांसें थम चुकी थीं।

