बिलासपुर:- सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सरकारी कार्यालयों को निशाना बनाकर एसी के कॉपर वायर चोरी करने वाले शातिर गिरोह को पुलिस ने दबोचने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों, सूरज वस्त्रकार उर्फ सूरज महरा और धीरेंद्र झारिया के साथ ही चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी एहसान अली को भी गिरफ्तार किया है।
शहर के संवेदनशील इलाकों में लगातार हो रही कॉपर वायर चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस टीम सक्रिय थी, इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी किया गया सामान एक कबाड़ी की दुकान में खपाया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कबाड़ी दुकान पर छापेमारी की और तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जिला अभियोजन कार्यालय और रजिस्ट्री ऑफिस परिसर में लगे एसी से कॉपर वायर, कीमती पार्ट्स और नकदी चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 48 हजार 500 रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

