महासमुंद:- बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इंद्रपुर में 21 वर्षीय मूक-बधिर युवती को उसके प्रेमी ने पत्थर से कुचलकर मार डाला। छह घंटे में हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। युवती गर्भवती थी और युवक पर शादी का दबाव बना रही थी।
सिर और चेहरे पर भारी वस्तु से वार के निशान थे
पुलिस के अनुसार, 24 मार्च की सुबह ग्राम इंद्रपुर निवासी रामदास अजगल्ले ने सूचना दी कि उसकी पुत्री पुष्पा अजगल्ले का शव घर से लगभग 150 मीटर दूर एक खेत में पड़ा हुआ है। युवती के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान थे।
गांव के ही युवक से युवती का प्रेम प्रसंग था
मौके पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गांव के ही युवक लोकनाथ पटेल से युवती का प्रेम प्रसंग था।
अपना अपराध स्वीकार कर लिया है
मृतका गर्भवती थी और वह आरोपित पर लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी। इस जानकारी के मिलते ही पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

