दुर्ग:- स्टील सिटी दुर्ग भिलाई में पुलिस ने एक युवती को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला ने अपने घर में चोरी की और अपनी मां के गहने को गायब कर दिया. पूरी घटना 2 जनवरी 2026 की है. चोरी के बाद पीड़िता की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. जिसकी तफ्तीश के बाद आरोपी युवती को 21 मार्च को अरेस्ट किया गया है.
पूछताछ में आरोपी युवती ने जुर्म कबूल किया
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी लगी कि घर में चोरी के समय बाहरी व्यक्ति नहीं आया है. जिसके बाद पुलिस ने घर में मौजूद सदस्यों से पूछताछ की. इस पूछताछ में आरोपी युवती एम श्यामला ने खुद के घर में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया. आरोपी युवती ने पुलिस को बताया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है.
चोरी के बाद आरोपी युवती ने कुछ सोने के जेवरात को फाइनेंस कंपनी में गिरवी रख दिया. जिसके एवज में फाइनेंस कंपनी से नगदी रकम ले ली. उसके बाद शेष जेवरात को अपने पास रख लिया. पुलिस ने आरोपी युवती के पास से 7 तोला सोना बरामद किया है. जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख बताई जा रही है.

