पीलीभीत:- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, यहाँ बेटे की चाहत में एक महिला अपने पति और सास के साथ जिस बाबा के पास मदद मांगने गई थी, उसी दरिंदे ने झाड़-फूंक के नाम पर महिला की मर्यादा तार-तार कर दी। पुलिस ने आरोपी ढोंगी बाबा को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
मामला पीलीभीत के पूरनपुर थाना क्षेत्र का है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, महिला के बेटा नहीं हो रहा था, जिसके कारण वे परेशान थे। इसी का फायदा उठाकर घुंघचाई थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव के रहने वाले बाबा भगवानदीन ने उन्हें पुत्र प्राप्ति के लिए दवा और झाड़-फूंक का झांसा दिया।
बीती 11 मार्च को पीड़ित अपनी पत्नी और मां के साथ बाबा के पास पहुंचा। बाबा उन्हें पूजा-पाठ के बहाने एक धार्मिक स्थल पर ले गया। इसके बाद उसने एक विशेष क्रिया का नाटक रचा और उन्हें अपने एक परिचित के घर ले गया।
पति-सास को बाहर बैठाया, फिर बुझाई हवस
आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद शातिर बाबा ने महिला के पति और सास को घर के बाहर ही रुकने को कहा। वह महिला को दवा और तांत्रिक क्रिया के नाम पर अकेले कमरे के अंदर ले गया और वहां उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया।
असर खत्म हो जाएगा… कहकर दी धमकी
हैवानियत के बाद आरोपी बाबा ने पीड़ित महिला से कहा कि यह सब उस क्रिया का हिस्सा है और अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो पूजा का असर खत्म हो जाएगा। लोक-लाज और बाबा के खौफ के कारण महिला घर लौट आई और खामोश रही।
ऐसे खुला राज
बृहस्पतिवार को जब महिला की हालत और व्यवहार बदला-बदला दिखा, तो परिजनों ने सख्ती से पूछताछ की। तब महिला ने रोते हुए पूरी आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।

